Bokaro : बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के प्रबंध प्रशिक्षु (MTT)-2026 बैच को संयंत्र में डिजाइन, इंजीनियरिंग और बॉटलनेकिंग के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, तकनीकी क्षमताओं और नई पहलों से अवगत कराया गया। इस दौरान प्रशिक्षुओं को इन गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

तकनीकी सेल की भूमिका समझाई
प्रशिक्षुओं को बीएसएल के तकनीकी सेल विभाग की भूमिका और प्रमुख गतिविधियों के बारे में जानकारी दी गई। इनमें डिजाइन एवं इंजीनियरिंग समाधान तैयार करना, इंजीनियरिंग ड्रॉइंग का विकास व संशोधन, रिवर्स इंजीनियरिंग तथा संयंत्र के संचालन और शटडाउन के दौरान तकनीकी सहयोग शामिल हैं।
बॉटलनेक दूर करने पर जोर
सत्र में विभिन्न बॉटलनेक को दूर कर परिचालन दक्षता और उत्पादकता बढ़ाने से जुड़े प्रयासों की जानकारी साझा की गई। प्रशिक्षुओं को डिजाइन एवं इंजीनियरिंग कार्यों में इस्तेमाल होने वाले हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और अन्य तकनीकी संसाधनों से भी परिचित कराया गया।

डिजिटल इंजीनियरिंग को मिल रहा बढ़ावा
कार्यक्रम में प्रक्रियाओं, इंजीनियरिंग प्रथाओं और तकनीकों के निरंतर उन्नयन के महत्व पर जोर दिया गया। आधुनिक डिजिटल इंजीनियरिंग तकनीकों को अपनाने और संसाधनों के आधुनिकीकरण से संयंत्र को अधिक दक्ष एवं प्रतिस्पर्धी बनाने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
सतत इस्पात उत्पादन की दिशा में पहल
बताया गया कि तकनीकी नवाचार और आधुनिकीकरण से परिचालन दक्षता बढ़ाने के साथ कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम करने तथा सतत इस्पात उत्पादन को बढ़ावा देने में मदद मिलती है। सत्र के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने डिजाइन एवं इंजीनियरिंग गतिविधियों की भूमिका को समझा।
