Bokaro: जिले में औद्योगिक प्रतिष्ठानों का संचालन बाधित करने और आम लोगों का आवागमन रोकने की कोशिश करने वालों के खिलाफ अब जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन, सड़क जाम और कंपनियों के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए।
औद्योगिक गतिविधियों में बाधा बर्दाश्त नहीं
बैठक में उपायुक्त और एसपी ने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी परिस्थिति में औद्योगिक प्रतिष्ठानों का संचालन बाधित करने, उनके मुख्य द्वार पर जाम लगाने अथवा आम लोगों के आवागमन को रोकने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

औद्योगिक विवादों का बातचीत से हो समाधान
अधिकारियों ने कंपनी प्रबंधन को औद्योगिक विवादों की स्थिति में संबंधित पक्षों के साथ नियमित बातचीत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विवादों का समाधान आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से किया जाना चाहिए। जरूरत पड़ने पर जिला प्रशासन भी वार्ता में सहयोग करेगा।

चास और बेरमो अनुमंडल में विशेष सतर्कता
डीसी और एसपी ने सड़क जाम, सार्वजनिक आवागमन बाधित करने तथा औद्योगिक प्रतिष्ठानों के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से चास और बेरमो के एसडीओ एवं एसडीपीओ को सतर्क रहने और पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया। बैठक में चास एवं बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी और पुलिस निरीक्षक शामिल हुए।
