Bokaro: बोकारो में चल रही 23वीं झारखंड सशस्त्र पुलिस क्षेत्रीय शूटिंग प्रतियोगिता 2026-27 के चौथे दिन रविवार को जेएपी-4 के फायरिंग बट पर पिस्टल और रिवॉल्वर स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। विभिन्न श्रेणियों में जवानों ने निशानेबाजी का प्रदर्शन किया, जिसमें जेएपी-4 और जेएपी-5 के प्रतिभागियों का दबदबा रहा।

15 गज स्क्वाटिंग में मिहिर महतो अव्वल
15 गज स्क्वाटिंग पोजीशन में जेएपी-4 के हवलदार मिहिर महतो ने 60 में से 40 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जेएपी-5 के आरक्षी-332 राजेश कुमार दास 36 अंकों के साथ दूसरे और जेएपी-4 के आयुद्ध हवलदार विवेक लाल 33 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
25 गज में भी मिहिर महतो आगे
25 गज खड़े होकर दोनों हाथों से फायरिंग की स्पर्धा में भी मिहिर महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 में 84 अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल किया। राजेश कुमार दास 81 अंकों के साथ दूसरे और विवेक लाल 80 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

हमले की स्थिति में विवेक लाल ने मारी बाजी
40/30 गज हमले की स्थिति वाली स्पर्धा में जेएपी-4 के आयुद्ध हवलदार विवेक लाल 30 में 22 अंक हासिल कर प्रथम रहे। एसआईएसएफ के आरक्षी-455 मलय कुमार पाल ने 18 अंकों के साथ दूसरा और जेएपी-4 के अ०नि० (स) दिलिप गुरूंग ने 17 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता 24 से 28 सितंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें झारखंड सशस्त्र पुलिस की विभिन्न वाहिनियों के प्रतिभागी निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
