Bokaro: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। सभी एसडीपीओ, डीएसपी और थाना प्रभारियों ने एक साथ अपने-अपने क्षेत्रों में बैंक, एटीएम, एलआईसी सहित अन्य वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण किया।

सीसीटीवी और अलार्म सिस्टम की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान वित्तीय संस्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड समेत सुरक्षा से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान सामने आई छोटी-छोटी कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश संबंधित संस्थानों के प्रबंधकों को दिया गया।
दीवार पर जरूरी हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने का निर्देश
पुलिस ने सभी वित्तीय संस्थानों की दीवारों पर संबंधित थाना प्रभारी, पुलिस कंट्रोल रूम, फायर ब्रिगेड और डायल-112 का नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है।

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील
वित्तीय संस्थानों के प्रबंधकों और कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाना को देने को कहा गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 15 दिनों तक सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया।
QR कोड स्कैन कर गश्ती बढ़ाने के निर्देश
सभी थाना प्रभारियों को वित्तीय संस्थानों में लगे क्यूआर कोड की नियमित स्कैनिंग करते हुए लगातार गश्ती करने को कहा गया है। साथ ही संस्थानों के प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया गया।
