Bokaro: बोकारो सदर अस्पताल में चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। यहां एक महिला मरीज के बड़े फाइब्रॉइड (Large Fibroid) का सफल ऑपरेशन किया गया। जटिल मानी जाने वाली इस शल्य चिकित्सा को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कुशलता और समन्वय के साथ पूरा किया। सिविल सर्जन बोकारो डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देशन और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह के सहयोग से यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि मेधा ने संभाली कमान
इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन का नेतृत्व सदर अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि मेधा ने किया। वहीं एनेस्थीसिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी डॉ. सौरभ सांख्यायन ने संभाली। ऑपरेशन थिएटर की टीम और चिकित्सकों के बेहतर तालमेल से यह जटिल सर्जरी सफल रही।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, बड़े आकार के फाइब्रॉइड का ऑपरेशन चिकित्सकीय रूप से चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन विशेषज्ञ टीम की दक्षता और बेहतर प्रबंधन के कारण मरीज का सफल उपचार संभव हो सका।
उपाधीक्षक ने टीम को दी बधाई
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह ने सफल ऑपरेशन के लिए पूरी चिकित्सकीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की जटिल शल्य चिकित्सा का सफल निष्पादन डॉक्टरों की विशेषज्ञता, समर्पण और टीम भावना को दर्शाता है। उन्होंने पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे एक “Herculean Performance” बताया और कहा कि इस तरह की उपलब्धियां सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत करती हैं।

बड़े शहरों में जाने की जरूरत होगी कम
सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने कहा कि सदर अस्पताल बोकारो में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और बेहतर टीमवर्क के कारण लगातार जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जिले के मरीजों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब उन्हें गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य आम लोगों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। सदर अस्पताल बोकारो इसी दिशा में लगातार बेहतर कार्य कर रहा है।
