Bokaro: जिले में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) यानी पलाश के माध्यम से संचालित योजनाओं को गति देने की तैयारी तेज हो गई है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में गुरुवार को उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने जेएसएलपीएस की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं को धरातल पर उतारने और प्रखंड स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सभी प्रखंडों में वाटर बॉटलिंग प्लांट की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान डीडीसी ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले के सभी प्रखंडों में वाटर बॉटलिंग प्लांट की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने और योजना को समयबद्ध तरीके से लागू करने का निर्देश दिया।
सीएचसी में शुरू होगी दीदी कैंटीन, महिलाओं को मिलेगा रोजगार
डीडीसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में दीदी कैंटीन शुरू करने की दिशा में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रखंड चिकित्सा प्रभारी पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कैंटीन के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने और आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने को कहा। उन्होंने कहा कि दीदी कैंटीन के संचालन से जहां मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधा मिलेगी, वहीं स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़ी महिलाओं को रोजगार का अवसर भी मिलेगा।

समाहरणालय परिसर में बनेगा मॉडल दीदी कैंटीन
डीडीसी शताब्दी मजूमदार ने समाहरणालय परिसर में मॉडल दीदी कैंटीन की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थल चयन कर शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश जेएसएलपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) को दिया। उन्होंने कैंटीन में स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि कैंटीन के संचालन की जिम्मेदारी इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) से प्रशिक्षित स्वयं सहायता समूह की दीदियों को सौंपी जाए, ताकि गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
प्रखंडवार प्रदर्शन की होगी निगरानी
बैठक में डीडीसी ने सभी योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और प्रखंडवार प्रदर्शन की मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं हो और निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा किया जाए। बैठक में जेएसएलपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) अनिल डुंगडुंग, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
