Bokaro : सड़क अभी बनी नहीं, लेकिन उसके श्रेय की सियासत जरूर तेज हो गई है। बेरमो विधानसभा क्षेत्र में जैनामोड़ के तिलका मांझी चौक से फुसरो के निर्मल महतो चौक तक बनने वाली करीब 15.9 किलोमीटर लंबी सड़क का एक ही दिन में दो जगह भूमि-पूजन हुआ। एक ओर बेरमो के कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने जैनामोड़ में भूमि-पूजन किया, तो दूसरी ओर गिरिडीह के आजसू सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने फुसरो के निर्मल महतो चौक पर नारियल फोड़ा। सड़क एक, लेकिन श्रेय के दावेदार दो।

जैनामोड़ से भूमि-पूजन, फुसरो में भी हुआ शुभारंभ
बहुप्रतीक्षित सड़क के 2-लेन से 2-लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का विधिवत भूमि-पूजन विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने जैनामोड़ के तिलका मांझी चौक पर किया। परियोजना पर करीब 157 करोड़ 89 लाख 69 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
सड़क से पहले श्रेय की रेस
भूमि-पूजन के बाद विधायक अनूप सिंह ने सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी द्वारा फुसरो के निर्मल महतो चौक पर किए गए भूमि-पूजन पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस सड़क की अनुशंसा उनके द्वारा की गई थी और इसके बाद राज्य सरकार ने योजना को मंजूरी दी। विधायक का आरोप है कि योजना की मंजूरी के बाद अब सांसद श्रेय लेने के लिए सड़क के अंतिम छोर पर भूमि-पूजन कर लोगों को बरगला रहे हैं।
विधायक ने सांसद पर तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति जाति और धर्म के नाम पर चुनाव जीतता है, उससे विकास की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

सांसद बोले – आंदोलन और दबाव से मिली मंजूरी
इधर, गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के एनडीए-आजसू सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने भी फुसरो के निर्मल महतो चौक पर सड़क निर्माण का भूमि-पूजन किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार होने के बावजूद सड़क कई महीनों से जर्जर थी और इसका काम शुरू नहीं हो रहा था। उनके अनुसार लगातार दबाव बनाए जाने और भाजपा के आंदोलन के बाद सड़क निर्माण की मंजूरी मिली। सांसद ने कहा कि विकास का लाभ आम जनता को मिलना चाहिए। विकास किसी भी स्थिति में होना जरूरी है।
एक सड़क, दो भूमि-पूजन से उठे सवाल
एक ही सड़क के दोनों सिरों पर हुए दो अलग-अलग भूमि-पूजन ने अब राजनीतिक सवाल खड़े कर दिए हैं। आम लोगों के बीच चर्चा है कि जब सड़क एक ही है तो इसका भूमि-पूजन दो जगह और दो नेताओं द्वारा क्यों किया गया? सवाल सड़क के निर्माण से ज्यादा उसके श्रेय को लेकर उठ रहा है।
फिलहाल सड़क जमीन पर उतरने से पहले ही राजनीति के नक्शे पर उतर चुकी है। अब देखना यह होगा कि करीब 158 करोड़ रुपये की यह सड़क कितनी तेजी से बनती है और श्रेय की यह दौड़ निर्माण पूरा होने तक कितनी लंबी चलती है।
15.9 किलोमीटर सड़क पर खर्च होंगे करीब 158 करोड़
जैनामोड़ के तिलका मांझी चौक से फुसरो के निर्मल महतो चौक तक करीब 15.9 किलोमीटर सड़क का 2-लेन से 2-लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा। परियोजना पर करीब 157 करोड़ 89 लाख 69 हजार रुपये खर्च होने हैं।
विधायक ने गिनाए विकास के फायदे
विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि जनता से किए गए वादों को विकास योजनाओं के माध्यम से धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। सड़क बनने से बेरमो विधानसभा क्षेत्र में आवागमन बेहतर होगा और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
