Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के सिक्योरिटी विभाग में एक नियमित कर्मचारी और संविदा पर कार्यरत ड्राइवर के बीच हुई मारपीट का मामला चर्चे में है। घटना में दोनों पक्षों के घायल होने की बात सामने आई है। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, विभाग के जनरल मैनेजर (GM) आलोक चावला पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को बीएसएल प्रबंधन गंभीरता से ले रहा है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।


कर्मचारी की पत्नी ने GM और ड्राइवर पर लगाए गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, बीएसएल कर्मचारी अरविंद पासवान की पत्नी निकिता कुमारी ने ड्राइवर विक्की यादव पर अपने पति के खिलाफ जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बोकारो के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति थाना में शिकायत देकर सिक्योरिटी विभाग के GM आलोक चावला पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
डीएसपी ने बताया कि निकिता कुमारी का आरोप है कि पिछले एक महीने से उनके पति को प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि GM आलोक चावला के कहने पर ही विक्की यादव ने उनके पति को जान से मारने की कोशिश की। उनका सर फट गया है और चोट लगी है. घटना के बाद अरविंद पासवान को बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया गया, जहां वह ICU में इलाजरत हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी।

ड्राइवर ने भी कर्मचारी पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
दूसरी ओर, सिक्योरिटी विभाग में संविदा पर कार्यरत ड्राइवर विक्की यादव ने अरविंद पासवान पर बहुत दिनों से प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। यादव के अनुसार, “शनिवार रात ड्यूटी के दौरान किसी बात को लेकर अरविंद पासवान उनसे नाराज हो गए थे। पासवान उन पर कुछ ऐसा करने का दबाव बना रहे थे, जिसे वह अनैतिक मानते थे और इसलिए उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया।”
विक्की यादव का आरोप है कि “मना करने के बाद अरविंद पासवान ने उनके साथ मारपीट की और चाकू निकालकर जान से मारने की कोशिश की। घटना में घायल होने के बाद उन्होंने सदर अस्पताल में अपना इलाज कराया।” वो कौन सी बात अरविन्द पासवान ड्राइवर से करने के लिए कह रहे थे इसकी जाँच पुलिस कर रही है।हालांकि, ड्राइवर की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है।
15 अगस्त को मिला था बेस्ट एम्प्लॉयी का सम्मान
इस पूरे प्रकरण के बीच अरविंद पासवान के कार्य रिकॉर्ड को लेकर भी चर्चा हो रही है। सूत्रों के अनुसार, इसी वर्ष 15 अगस्त के समारोह में ड्यूटी के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें बेस्ट एम्प्लॉयी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। बताया जा रहा है कि उनके नाम की अनुशंसा GM आलोक चावला ने की थी और निदेशक प्रभारी ने उन्हें सम्मानित किया था। ऐसे में कर्मियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि अरविन्द पासवान लंबे समय से प्रताड़ित हो रहे थे, तो उसे जीएम चावला ने सम्मानित क्यों किया। हालांकि, पुरस्कार मिलना अपने आप में प्रताड़ना के आरोपों को खारिज करने का आधार नहीं है।
पहले भी जारी हुआ था शो-कॉज नोटिस
सूत्रों के मुताबिक, कुछ सप्ताह पहले ड्यूटी के दौरान कथित अनुशासनहीनता को लेकर अरविंद पासवान को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया था। बीएसएल प्रबंधन को उनके व्यक्तिगत सेवा रिकॉर्ड और सर्टिफिकेट की जांच कराने से संबंधित शिकायत मिलने की भी जानकारी सामने आ रही है। घटना के दिन GM आलोक चावला के छुट्टी पर रहने की बात भी बताई जा रही है। ऐसे में उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों, घटना के समय की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के दावों की जांच महत्वपूर्ण होगी।
फिलहाल, मामला पुलिस के पास है और बीएसएल प्रबंधन भी पूरे प्रकरण को गंभीरता से देख रहा है। जांच के निष्कर्षों और संबंधित पक्षों के आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी। BSL चीफ ऑफ़ कम्युनिकेशन, मणिकांत धान ने कहा कि “The wife of the said BSL employee has approached Police and also seems to have given a written complaint on the alleged incident. Since Police is already investigating the case, it is not appropriate to comment on the matter.“
