Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में सोमवार, 26 अक्टूबर को ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। सतर्कता विभाग के तत्वावधान में इस्पात भवन पोर्टिको में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक प्रभारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। इस दौरान संयंत्र के अधिशासी निदेशक, विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता), एसीवीओ, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्मिक उपस्थित रहे।


सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर नैतिक कार्यसंस्कृति का संकल्प
कार्यक्रम में निदेशक प्रभारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने दैनिक कार्यों, संगठनात्मक निर्णयों और व्यावसायिक आचरण में नैतिक मूल्यों, पारदर्शिता, शुचिता एवं ईमानदारी को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने इन मूल्यों को कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने की आवश्यकता बताई।
एक नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान
केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ के तहत 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके साथ 17 अगस्त से 16 नवंबर तक तीन महीने का विशेष निवारक सतर्कता अभियान भी संचालित किया जा रहा है।

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के संदेशों का वाचन
कार्यक्रम में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय सतर्कता आयोग के संदेशों का वाचन किया गया। साथ ही आयोग द्वारा जारी सतर्कता जिंगल का प्रसारण हुआ। कार्यक्रम के समापन पर बीएसएल में पारदर्शी, नैतिक और भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
