Bokaro: चास नगर निगम की तीसरी बोर्ड बैठक सोमवार को हंगामेदार रही। पिछली दो बोर्ड बैठकों में लिए गए निर्णयों का अपेक्षित अनुपालन नहीं होने को लेकर मेयर भोलू पासवान, डिप्टी मेयर पूजा कुमारी समेत वार्ड पार्षदों ने नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम के विकास कार्यों में अपेक्षित गति नहीं होने और अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। बढ़ते विवाद के बीच बोर्ड बैठक को स्थगित कर दिया गया।
अपर नगर आयुक्त की कार्यशैली पर जताई नाराजगी
बोर्ड बैठक स्थगित होने के बाद मेयर, डिप्टी मेयर और पार्षद सामूहिक रूप से उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने अपर नगर आयुक्त की कार्यशैली को लेकर उपायुक्त अजय नाथ झा से शिकायत की। मेयर ने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र के विकास कार्यों में अधिकारियों की अपेक्षित रुचि नहीं दिख रही है और कई मामलों को टालने का प्रयास किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वार्डों में पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट समेत कई मूलभूत समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। उन्होंने पूर्व की बैठकों में लिए गए निर्णयों को जल्द लागू करने की मांग की। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों और वार्डों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
डीसी ने वार्डवार समस्याओं की ली जानकारी
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने चास नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और सभी वार्ड पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में उपायुक्त ने वार्डवार समस्याओं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि चास नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वार्डवार पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने का निर्देश दिया।
पेयजल और सफाई व्यवस्था पर विशेष फोकस
बैठक में पेयजल की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन वार्डों में पेयजल संकट है, वहां की समस्याओं की विस्तृत जानकारी एकत्र कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पेयजल व्यवस्था को लेकर अलग से समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही। साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त ने अधिकारियों को गंभीरता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में सफाई से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाना चाहिए।
तीन दिनों के भीतर खराब स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने का निर्देश
नगर निगम क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने लाइट इंस्पेक्टर का लॉगबुक संधारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दिन के समय खराब स्ट्रीट लाइटों की पहचान कर उनकी मरम्मत कराई जाए। उपायुक्त ने शाम के समय क्षेत्र भ्रमण कर स्ट्रीट लाइट की स्थिति का निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत अधिकतम तीन दिनों के भीतर पूरी की जानी चाहिए।
सभी वार्डों में विकसित होंगी मोहल्ला लाइब्रेरी
बच्चों और युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चास नगर निगम के सभी वार्डों में मोहल्ला लाइब्रेरी विकसित करने की पहल की जाएगी। उपायुक्त ने प्रत्येक वार्ड में इसके लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए ऐसे स्थान विकसित किए जाएं, जहां विद्यार्थी शांत और सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई कर सकें। इससे बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर भी निर्देश
बैठक में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है और इसे गरिमापूर्ण तरीके से मनाने के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने चास नगर निगम क्षेत्र में विशेष रूप से साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया, ताकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर का स्वरूप बेहतर नजर आए।
जनप्रतिनिधियों ने रखीं वार्डों की समस्याएं
बैठक के दौरान मेयर भोलू पासवान, डिप्टी मेयर पूजा कुमारी और वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं से उपायुक्त को अवगत कराया। पेयजल, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया। उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद अब चास नगर निगम क्षेत्र में लंबित विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजर है।

