Bokaro: चास के विभिन्न बाजारों में सामान खरीदने के बाद मोबाइल पर फर्जी ऑनलाइन भुगतान दिखाकर दुकानदारों को ठगने का मामला सामने आया है। सोमवार को चास मेन रोड स्थित थाना गली में एक दुकानदार ने ऐसे ही कथित फर्जीवाड़े का प्रयास कर रहे एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

हार्लिक्स खरीदने पहुंचे थे दो युवक
जानकारी के अनुसार, सोमवार को दो युवक चंडी मोदक की दुकान पर हार्लिक्स खरीदने पहुंचे थे। सामान लेने के बाद दोनों ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही। दुकानदार ने उन्हें क्यूआर कोड उपलब्ध कराया। इसके बाद युवकों ने अपने मोबाइल पर भुगतान सफल होने का दिखावा किया और वहां से निकलने लगे।
खाते में रकम नहीं पहुंची तो हुआ शक
दुकानदार को संदेह हुआ तो उसने अपने मोबाइल से बैंक खाते की जांच की। जांच में भुगतान की कोई राशि खाते में जमा नहीं हुई थी। इसके बाद दुकानदार ने दोनों युवकों से पूछताछ शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर आसपास के दुकानदार भी मौके पर पहुंच गए।

कई दुकानदारों ने लगाए ठगी के आरोप
मौके पर मौजूद दुकानदारों ने दोनों युवकों को पहचानने का दावा किया। उनका आरोप था कि पिछले दो-तीन दिनों से दोनों इसी तरीके से अलग-अलग दुकानों से सामान लेकर फर्जी ऑनलाइन भुगतान का भरोसा देकर निकल रहे थे। आरोप है कि एक राशन दुकान से करीब छह लीटर तेल, चिकन दुकान से दो किलो मुर्गा और एक श्रृंगार दुकान से भी सामान इसी तरीके से लिया गया।
एक युवक फरार, दूसरा पुलिस के हवाले
हंगामे के बीच एक युवक मौका पाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को दुकानदारों ने पकड़ लिया। पकड़ा गया युवक खुद को रामनगर कॉलोनी का निवासी बता रहा है। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार युवक की तलाश की जा रही है।
