Bokaro: सदर अस्पताल बोकारो में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दो जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर तस्वीर पेश की है। सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद के निर्देशन और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. एन. पी. सिंह के सहयोग से दोनों मरीजों का उपचार किया गया।
39 वर्षीय महिला की हुई एब्डॉमिनल हिस्टेरेक्टॉमी
भवनिपुर निवासी 39 वर्षीय सोनम कर्मकार का एब्डॉमिनल हिस्टेरेक्टॉमी (गर्भाशय निकालने की सर्जरी) सफलतापूर्वक किया गया। ऑपरेशन डॉ. अनामिका सिन्हा ने किया, जबकि एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. सौरभ सांख्यायन ने संभाली।

जांघ की टूटी हड्डी का भी सफल ऑपरेशन
वहीं, सियालजोरी निवासी 58 वर्षीय चुट्टू महतो के दाहिने पैर की जांघ की हड्डी (फीमर) में फ्रैक्चर था। मरीज हृदय संबंधी बीमारी (CAD) से भी पीड़ित थे। उनकी स्थिति को देखते हुए CRIF with Interlocking Nail तकनीक से सफल ऑपरेशन किया गया। सर्जरी डॉ. आर. पी. सिंह ने की और एनेस्थीसिया डॉ. सौरभ सांख्यायन ने दिया।

सिविल सर्जन ने मरीजों से की सदर अस्पताल आने की अपील
सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बोकारोवासियों से अपील की कि ऑपरेशन या गंभीर बीमारी की स्थिति में निजी अस्पतालों की ओर जाने से पहले सदर अस्पताल में संपर्क करें। उन्होंने कहा कि यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है। मरीज की स्थिति और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार आवश्यक उपचार एवं ऑपरेशन की सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकारी अस्पतालों में बढ़ाई जा रही सुविधाएं
उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि आम लोगों को समय पर सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।
