Bokaro : सदर अस्पताल बोकारो में जटिल फ्रैक्चर से पीड़ित 60 वर्षीय महिला मरीज की प्रॉक्सिमल फीमर नेलिंग (PFN) सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद और उपाधीक्षक डॉ. एन.पी. सिंह के निर्देशन में चिकित्सकों की टीम ने यह जटिल ऑपरेशन किया।

दाहिनी जांघ की हड्डी में था सबट्रोकैंटेरिक फ्रैक्चर
सेक्टर-9 खटाल निवासी रति देवी दाहिनी जांघ की हड्डी के सबट्रोकैंटेरिक फ्रैक्चर से पीड़ित थीं। मरीज को पहले से उच्च रक्तचाप और आईएचडी (इस्कीमिक हार्ट डिजीज) की समस्या थी। इस कारण सर्जरी के दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष निगरानी रखी गई।
ढाई घंटे में पूरी हुई सर्जरी
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित के नेतृत्व में मरीज की प्रॉक्सिमल फीमर नेलिंग सर्जरी की गई। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. सौरभ सांख्यायन की देखरेख में एनेस्थीसिया प्रबंधन किया गया। सर्जरी सुबह 10:30 बजे शुरू होकर दोपहर 1 बजे तक चली और सफलतापूर्वक पूरी हुई।

सदर अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं को किया जा रहा मजबूत
जटिल स्वास्थ्य स्थिति के बावजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के समन्वित प्रयास से ऑपरेशन सफल रहा। सर्जरी के बाद मरीज को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। सिविल सर्जन और उपाधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि सदर अस्पताल में विशेषज्ञ सर्जिकल सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकें।
