Education Hindi News

नृत्य के जरिए बच्चों ने सामाजिक समस्याओं का किया जीवंत चित्रण


Bokaro: डीपीएस बोकारो में चल रहे सांस्कृतिक उत्सव ‘तरंग’ के तीसरे दिन गुरुवार को विद्यार्थियों ने अपनी अनूठी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। अंतर सदन समूह-नृत्य प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अद्भुत नृत्य-कौशल के साथ-साथ अपनी अभिनय-कला का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

मनोरम मंच-सज्जा एवं परिदृश्य के अनुकूल पार्श्व संगीत के बीच बच्चों ने नृत्य के जरिए सामाजिक समस्याओं व विषमताओं के खिलाफ जन-जागरुकता का संदेश दिया। इस कड़ी की शुरुआत चेनाब सदन के विद्यार्थियों ने की। आकर्षक परिधानों में सजे बच्चों ने अपने नृत्य के माध्यम से लैंगिक समानता पर बल दिया।

इसके बाद सतलज हाउस की टीम ने दिव्यांगों के सामाजिक सशक्तिकरण एवं उनकी हौसला अफजाई करती भावपूर्ण प्रस्तुति से सबकी सराहना पाई। तदुपरांत गंगा हाउस की टीम ने पढ़ाई में अंकों के दबाव के कारण बच्चों में अवसाद, तनाव आदि की समस्याओं पर सबका ध्यान आकृष्ट किया। वहीं, जमुना हाउस के दल ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग के कारण परिवार और समाज में आई दूरी को बखूबी दर्शाया। इसी प्रकार, रावी सदन के विद्यार्थियों ने बाल श्रम के विरुद्ध जनजागरुकता पर बल देते हुए बचपन बचाने का संदेश दिया।

अंत में झेलम सदन की टीम ने घरेलू हिंसा का मुद्दा रखा। नृत्य व अपनी मर्मस्पर्शी भाव-भंगिमाओं से प्रतिभागियों ने घरों में महिलाओं के साथ होने वाली प्रताड़ना का जीवंत चित्रण किया। उनकी प्रस्तुतियों पर पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर सतलज हाउस को प्रथम, झेलम को द्वितीय एवं रावी सदन को तृतीय स्थान मिला।

बतौर मुख्य अतिथि बोकारो के मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक मुकेश कुमार (आईपीएस) ने बच्चों की प्रस्तुतियों की भरपूर सराहना की। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक मुद्दे को अहम बताया। कहा कि ऐसी सामाजिक समस्याएं पुलिस के पास आती रहती हैं। इनके खिलाफ समय के साथ सोच बदलने की जरूरत है।

तभी हम बेहतर भारत का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के दबाव में हतोत्साहित होने की बजाय दृढ़ इच्छाशक्ति से अपना लक्ष्य प्राप्त करने की अपील की। इसके पूर्व, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. एएस गंगवार ने डीएसपी श्री कुमार एवं उनकी सहधर्मिणी निशा कुमारी का स्वागत किया।

डीएसपी को उन्होंने शॉल से अलंकृत कर सम्मानित किया व स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन छात्र मोहित, छात्रा आव्या व नायशा ने संयुक्त रूप से किया। धन्यवाद ज्ञापन वाइस हेड गर्ल श्रुति सिंह ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायकों में प्राइमरी इकाई से शिक्षिक प्रियंका व अपर्णा चटर्जी एवं शिक्षक नितेश कुमार शामिल रहे।


Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!