Hindi News

बोकारो में हरी झंडी दिखाकर पिंक आटो को डीसी-डीडीसी ने किया रवाना


Bokaro: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम के अवसर पर जिला कल्याण विभाग द्वारा चयनित 03 महिला लाभुकों को पिंक ऑटो दिया गया। डीसी कुलदीप चौधरी, डीडीसी कीर्तीश्री जी. ने लाभुक महिलाओं को आटो का चाभी दिया और समाहरणालय परिसर से ऑटो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वहीं, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं में समता अपनाओं की जागरूकता को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। डीसी-डीडीसी समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर किया। साथ ही, सेल्फी प्वाइंट में तस्वीर खिंचवाई।

महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है। अगर जिले की बात करें तो प्रशासनिक महकमा में भी महिलाएं अपनी दक्षता-क्षमता के माध्यम से शीर्ष पदों पर आसीन है और कार्य कुशलता से अपने दायित्व का निर्वाहन कर रही है। महिलाएं बस अपने अधिकारों को जाने, उससे जागरूक हो।

महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कौन – कौन से कानून बने हैं, कौन सी योजनाएं सरकार द्वारा संचालित हैं। उसे जाने और उसे हासिल करने के लिए संघर्ष करें। उक्त बातें उपायुक्त श्री कुलदीप चौधरी ने कहीं। वह सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने कहा कि आगे बढ़ने के लिए सबसे ज्यादा जरूरी साक्षर होना है, कहा भी जाता है कि एक पुरूष साक्षर होकर एक पीढ़ी को शिक्षित करता है, लेकिन एक महिला साक्षर होकर तीन पीढ़ी को शिक्षित बनाती है। एक अपने परिवार को, दूसरे अपने ससुराल को एवं तीसरे अपने बच्चों को शिक्षित करती है। उन्होंने महिलाओं को साक्षर होने एवं दूसरे को भी साक्षर होने के लिए प्रेरित करने को कहा।

उपायुक्त ने मौके पर सरकार द्वारा महिलाओं को केंद्रित कर संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में संक्षिप्त जानकारी दी। कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को मुख्यधारा में आना होगा। इस दिशा में लगातार प्रशासन-सरकार काम कर रही है। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन महिलाओं द्वारा किया जाता है, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने को लेकर जेएसएलपीएस के द्वारा समूह बनाकर उन्हें स्वनिर्भर बनाया जा रहा है।

जेएसएलपीएस से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों का पलाश ब्रांड के माध्यम से बाजार में बिक्री हो रही है। इन महिलाओं ने पिछले एक वर्ष में 2.5 करोड़ से ज्यादा की बिक्री की है और अभी जारी है। जिले के पेटरवार प्रखंड कि ग्रामीण महिलाएं लेमन ग्रास की खेती कर रही है, वहीं चंदनकियारी प्रखंड की महिलाएं मशरूम की खेती कर आर्थिक समृद्धि की ओर आगे बढ़ रही है।

उपायुक्त ने कहा कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो,जिला प्रशासन आपके साथ हैं, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की जो मूल भावना है,महिलाओं को सामानता का अधिकार देना उस पर हमें पूरे 365 दिन कार्य करना है। उन्होंने सभी महिलाओं को आने वाले समय में नई उपलब्धियों को छूने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी।

मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती मेनका कुमारी ने सीडीपीओ, महिला पर्वेक्षिका, आंगनबाड़ी कर्मियों आदि को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में आमजनों के सोच में बदलाव आया है। महिलाओं को समानता का अधिकार प्राप्त हो रहा है। महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपनी परचम लहरा रही है।

उन्होंने विभाग द्वारा संचालित होने वाले सखी वन स्टाप सेंटर के संबंध में भी विस्तार से बताया। कहा कि एक ही छत के नीचे घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को सभी तरह की स्वास्थ्य/विधिक आदि सेवा मुहैया होगी। उन्होंने सभी कर्मियों को इससे अपने आस – पास की महिलाओं को जानकारी देने को कहा।

मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि द्वारा महिलाओं से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। इससे पूर्व, उप विकास आयुक्त श्रीमती कीर्तीश्री जी., जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती मेनका कुमारी, जिला कल्याण पदाधिकारी श्रीमती मनीषा वत्स, ट्राफिक डीएसपी सुश्री पुनम मिंज आदि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरूआत की।

मौके पर कई महिला पदाधिकारियों/गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों आदि ने अपना – अपना वक्तव्य रखा। उल्लेखनीय हो कि, प्रत्येक वर्ष 08 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष 08 मार्च को राजपत्रित अवकाश है। इस कारण अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आज आयोजित किया गया। प्रखंडों में भी प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचलाधिकारी के नेतृत्व में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आज कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 


Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!